चक्रधरपुर | झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड अंतर्गत गुलकेड़ा पंचायत के पूर्व उप मुखिया संजय बोयपाई (44) की अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजय बोयपाई गुईगांव के निवासी थे और खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वे गुलकेड़ा पंचायत के पूर्व उप मुखिया रह चुके थे।
बताया जा रहा है कि रविवार देर रात भोजन करने के बाद संजय बोयपाई अपने घर के आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब 12 बजे दो से तीन बाइक पर सवार होकर कुछ अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों ने सो रहे संजय बोयपाई को निशाना बनाते हुए उनकी कनपटी पर गोली मार दी। गोली लगते ही उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अपराधियों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

मृतक अपने पीछे पत्नी मरियम बोयपाई, पुत्र आकाश बोयपाई (18 वर्ष) और शीतल बोयपाई (15 वर्ष) सहित पूरे परिवार को छोड़ गए हैं। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक की लहर है और स्थानीय लोग अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। हत्या के पीछे के कारणों और अपराधियों की पहचान का जल्द खुलासा होने की उम्मीद है।

