रांची | झारखंड में मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने राज्य के 20 जिलों के लिए आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, 29 मई से 1 जून तक राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी-तूफान, आकाशीय बिजली और भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण बदला मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, यह मौसम परिवर्तन साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव के कारण हो रहा है। इसके चलते आने वाले दिनों में राज्य में प्री-मॉनसून बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। इसका असर तापमान पर भी देखने को मिल सकता है और कई जिलों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है।

बीते गुरुवार को भी झारखंड के कई जिलों में तापमान में कमी देखी गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली।
विभिन्न शहरों का तापमान
राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में 0.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर मेदिनीनगर राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
झारखंड में कब पहुंचेगा मॉनसून?

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के 29 मई से 3 जून के बीच केरल पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने केरल के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं झारखंड में मॉनसून के 14 से 17 जून के बीच पहुंचने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आकाशीय बिजली तथा तेज हवाओं से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।

