चाईबासा | पश्चिम सिंहभूम जिले के विभिन्न प्रखंडों में संचालित लगभग 24 निशुल्क सामुदायिक ग्रामीण एवं मोहल्ला पुस्तकालयों के प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को जिला उपायुक्त से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उपायुक्त ने पुस्तकालयों के संचालन, उनकी गतिविधियों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रसार को लेकर विस्तृत चर्चा की।

उपायुक्त ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पुस्तकालय समाज को जागरूक और शिक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने पुस्तकालयों के बेहतर संचालन हेतु आवश्यक सहयोग और मदद उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।

मौके पर उपायुक्त ने संचालन समितियों से पुस्तकालय परिसरों में वृक्षारोपण करने, बच्चों के लिए करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित करने तथा समय-समय पर बुक फेयर आयोजित करने का आग्रह किया। उन्होंने स्थानीय भाषाओं में अध्ययन सामग्री और पाठ्यक्रम को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।
इसके अलावा उन्होंने प्रत्येक माह की 20 तारीख को पुस्तकालय से जुड़े बच्चों का सामूहिक जन्मोत्सव मनाने की पहल करने की बात कही। साथ ही जिले में आयोजित रक्तदान शिविरों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया।
उपायुक्त ने कहा कि “एक बेहतर पुस्तकालय, एक बेहतर समाज की नींव है।”

आपातकालीन स्थिति में पुलिस, अग्निशमन एवं चिकित्सा सेवाओं के लिए 112 डायल करें।
टीम पीआरडी, पश्चिम सिंहभूम, चाईबासा

