चाईबासा | पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी थाना क्षेत्र में पुराने रंजिश को लेकर तीर-धनुष से हमला कर एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तीर-धनुष भी बरामद कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, 9 मई 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि झींकपानी थाना क्षेत्र के टंकी बांदा के पास बेतिया निवासी लगभग 60 वर्षीय चुइया बिरुली पर चिड़िया पहाड़ी निवासी भगवान बिरुली उर्फ दोपे ने तीर से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। घटना के बाद घायल को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायल की स्थिति में सुधार होने के बाद उसका फर्दबयान दर्ज किया गया। इसके आधार पर झींकपानी थाना कांड संख्या 17/26, दिनांक 10 मई 2026 के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर श्री राजकुमार जेयराजू (भा.पु.से. परिक्ष्यमान), सह थाना प्रभारी झींकपानी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, चाईबासा के संयुक्त नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी भगवान बिरुली उर्फ दोपे (39 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि पुराने रंजिश के कारण उसने हत्या की नीयत से तीर-धनुष से हमला किया था।

पुलिस ने आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर घटना में प्रयुक्त तीर-धनुष बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

