चक्रधरपुर | पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर इंग्लिश मीडियम, पंप रोड स्थित शत्रुघ्न नगर, चक्रधरपुर में मंगलवार को शिशु भारती के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय में शिशु भारती के पदाधिकारियों का चुनाव 2 मई को संपन्न हुआ था, जिसके उपरांत मंगलवार को शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रवि कुमार बाँकिरा, वार्ड पार्षद एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य आनंद चन्द्र प्रधान ने संयुक्त रूप से भारत माता की तस्वीर पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि रवि कुमार बाँकिरा के निर्देशन में शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिशु भारती के चयनित पदाधिकारियों की विद्यालय के प्रति जिम्मेदारियां और अधिक बढ़ जाती हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य आनंद चन्द्र प्रधान ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय के प्रशासनिक कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने तथा विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से विद्या भारती योजना के तहत शिशु भारती का गठन किया जाता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सत्र 2026-27 के लिए चयनित सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करेंगे।
आचार्य सौभिक घटक ने विजेता उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करते हुए बताया कि राष्ट्रपति (अध्यक्ष) पद के लिए रानी जामुदा, उपराष्ट्रपति (उपाध्यक्ष) पद के लिए मोटाय पुरती एवं किनूराम सुरीन, प्रधानमंत्री पद के लिए आशिका दास, उप प्रधानमंत्री पद के लिए कपिल दीप एवं इंदु महतो तथा कैबिनेट मंत्री पद के लिए कृष्णा भुइयाँ, संजना केराई और रिया खाका का चयन किया गया है।

मुख्य अतिथि रवि कुमार बाँकिरा ने सभी चयनित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम का संचालन आचार्य सौभिक घटक ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में जय श्री दास, शांति देवी, मीना कुमारी, स्वास्तिक सोय, भारती कुमारी एवं सुलेखा टुडू सहित अन्य का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

