चाईबासा | जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा एवं जिला सड़क सुरक्षा टीम, परिवहन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में झींकपानी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों तथा कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान DLSA के सचिव रवि चौधरी ने छात्राओं को ट्रैफिक नियमों, रोड मार्किंग, संकेत चिह्नों एवं नियमों के उल्लंघन पर होने वाली कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग को अनिवार्य बताते हुए तेज रफ्तार और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की।

उन्होंने सरकार की गुड समैरिटन योजना तथा सड़क दुर्घटना पीड़ितों को मिलने वाले मुआवजे की जानकारी भी दी। सचिव ने बताया कि वाहन का बीमा (इंश्योरेंस) नहीं होने की स्थिति में मुआवजे की जिम्मेदारी वाहन मालिक की होती है। वहीं, अज्ञात वाहन से दुर्घटना होने पर परिवहन विभाग पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने में सहयोग करता है।
कार्यक्रम में छात्राओं को अपने घर, विद्यालय और समाज में यातायात नियमों के पालन के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया। इसके अलावा बाल मजदूरी, बाल विवाह, दहेज प्रथा, बाल शोषण एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों पर भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) की ओर से बताया गया कि पीड़ितों एवं उनके परिवारों को न्याय दिलाने तथा कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए निशुल्क अधिवक्ताओं की व्यवस्था की जाती है।

