चक्रधरपुर | चक्रधरपुर नगर परिषद द्वारा सोमवार को शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। यह अभियान चक्रधरपुर चेकनाका से प्रखंड कार्यालय तक संचालित किया गया। अभियान के दौरान नगर परिषद की टीम ने अनुमंडल अस्पताल और प्रखंड कार्यालय की चारदीवारी के बाहर किए गए अतिक्रमण को जेसीबी मशीन की मदद से हटाया।
नगर परिषद की ओर से बताया गया कि अभियान शुरू होने से पहले कार्यपालक पदाधिकारी के निर्देश पर पूरे शहर में माइकिंग कर दुकानदारों एवं ठेला-खोमचा संचालकों को अतिक्रमण हटाने की सूचना दी गई थी। इसके बावजूद कई लोगों द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद नगर परिषद की टीम ने कार्रवाई की।

अभियान के दौरान सड़क किनारे लगी अस्थायी दुकानों और अवैध निर्माणों को हटाया गया। नगर परिषद के सिटी मैनेजर ने बताया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार कई दिनों तक चलाया जाएगा।
इधर, कार्रवाई से प्रभावित दुकानदारों ने नगर परिषद पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। दुकानदारों का कहना है कि नगर परिषद द्वारा प्रतिदिन दुकानों और ठेला-खोमचा संचालकों से शुल्क वसूला जाता है, जिसके लिए बाकायदा निविदा भी निकाली जाती है। बावजूद इसके, गरीब दुकानदारों की दुकानों पर जेसीबी चलाकर उन्हें नुकसान पहुंचाया जा रहा है।

दुकानदारों ने यह भी आरोप लगाया कि बड़े व्यवसायियों द्वारा किए गए अतिक्रमण पर नगर परिषद मौन रहती है, जबकि छोटे दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है।
वहीं, नगर परिषद की ओर से सफाई देते हुए कहा गया कि ठेला-खोमचा संचालन के लिए निविदा प्रक्रिया के तहत ठेकेदार द्वारा शुल्क वसूला जाता है। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए जाते हैं कि सड़क किनारे केवल उठाव दुकानें ही लगाई जाएं और उन्हें समय पर हटाया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था एवं आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

अभियान में नगर परिषद के सिटी मैनेजर, नगर परिषद के कर्मचारी तथा पुलिस बल के जवान मौजूद थे।

