सरायकेला | समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न पेयजल आपूर्ति योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए खराब पड़े चापाकलों एवं जलमीनारों की शीघ्र मरम्मति सुनिश्चित करने तथा पेयजल संबंधी शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन करने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छूटे हुए सभी गांवों एवं टोलों को नल-जल योजना से आच्छादित करते हुए प्रत्येक घर तक पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि ड्राई क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की पेयजल समस्या का सामना न करना पड़े।
बैठक में जल जीवन मिशन (JJM), सिंगल विलेज स्कीम (SVS), मल्टी विलेज स्कीम (MVS) तथा 14वें एवं 15वें वित्त आयोग के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने वर्तमान में बंद अथवा खराब पड़ी पेयजल योजनाओं की शीघ्र मरम्मति कर उन्हें पुनः संचालित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की भौतिक स्थिति का निरीक्षण करने, जलापूर्ति बाधित होने की स्थिति में त्वरित वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का त्वरित संज्ञान लेकर निर्धारित समयसीमा के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में प्रभारी उप विकास आयुक्त सह निदेशक डीआरडीए अजय तिर्की, कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सभी कनीय अभियंता, जिला समन्वयक, प्रखंड समन्वयक समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

