चाईबासा | कांग्रेस भवन चाईबासा में युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा ने कहा कि संगठनात्मक चुनाव के बाद जिला से लेकर प्रखंड स्तर तक कमेटियों का विस्तार अब तक नहीं हो पाया है, जिससे संगठन की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अगले 10 दिनों के भीतर जिला, विधानसभा और प्रखंड कमेटियों का विस्तार सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने आगे बताया कि संगठन विस्तार के बाद एक जिला स्तरीय युवा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी को आमंत्रित किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष ने आगामी एक महीने के लिए कार्ययोजना भी साझा की, जिसमें प्रमुख बिंदु शामिल हैं—
संगठन को मजबूत करने के लिए पंचायत स्तर पर विशेष अभियान चलाकर युवाओं और महिलाओं को जोड़ा जाएगा।
केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा कानून में किए गए बदलावों को लेकर मजदूरों से पंचायत स्तर पर संवाद किया जाएगा।
सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार के खिलाफ चरणबद्ध तरीके से जनांदोलन चलाया जाएगा।

सदर अस्पताल चाईबासा में ब्लड बैंक को पुनः चालू कराने के लिए संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया जाएगा, ताकि स्थानीय लोगों को रक्त की सुविधा मिल सके।
पेशा कानून को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक दीनबंधु बोयपाई, जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, सरायकेला-खरसावां के पूर्व युवा जिलाध्यक्ष पीके मिश्रा, युवा नेता सन्नी संदीप देवगम, सूरज तामसोय, जिला महासचिव राजीव बोयपाई, मझगांव विधानसभा अध्यक्ष त्रिलोक हेंबरोम, मझगांव प्रखंड अध्यक्ष सुकरा लोहार, कुमारडूंगी प्रखंड अध्यक्ष डुलेन तामसोय, तांतनगर प्रखंड अध्यक्ष रूपेश पुरती, हाटगमहारिया प्रखंड अध्यक्ष कृपा कुलडीह, सन्नी रॉबर्ट अंथोनी, मिली बिरुवा, कंचन गागराई, सिमरन देवगम, ज्योति मुंडरी, अजय जोंको, जॉर्ज, महावीर मिंज सहित कई युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

