राजनगर | सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत राजनगर प्रखंड कार्यालय में प्रखंड विकास पदाधिकारी मलय कुमार के निर्देशन में आगामी जनगणना कार्य के सफल संचालन के उद्देश्य से नामित प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। इसमें गृह सूचीकरण, डेटा संग्रहण की प्रक्रिया, मोबाइल ऐप का उपयोग तथा फील्ड स्तर पर आने वाली संभावित समस्याओं के समाधान जैसे विषय शामिल हैं। इस कार्यक्रम में सभी नामित प्रगणक एवं पर्यवेक्षक सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रतिभागियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, सटीकता एवं पारदर्शिता के साथ करने के निर्देश दिए। साथ ही, यह भी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि जनगणना कार्य के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता और विश्वसनीयता बनी रहे।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनगणना कार्य में संलग्न कर्मियों को दक्ष एवं प्रशिक्षित बनाना है, ताकि जनगणना का कार्य सफल, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से संपन्न किया जा सके।

