सरायकेला | आगामी दीपावली एवं छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसको लेकर शनिवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगियारी समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं पूजा समितियों के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर पर्व से पहले आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में पटाखों की बिक्री केवल अस्थायी अनुज्ञप्ति प्राप्त विक्रेताओं द्वारा निर्धारित एवं सुरक्षित स्थलों पर ही की जाएगी।

घरों के आसपास अथवा किसी भी अनधिकृत स्थान पर पटाखों की बिक्री की अनुमति नहीं होगी।
छठ महापर्व की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी प्रमुख छठ घाटों की साफ-सफाई, समतलीकरण, पहुंच मार्गों की मरम्मत और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

वहीं, अधिक जलगहराई एवं दुर्घटना की आशंका वाले घाटों को चिह्नित कर वहां गोताखोरों, सीसीटीवी कैमरों और पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती करने को कहा।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भीड़भाड़ वाले इलाकों में नो-एंट्री एवं रूट डायवर्जन लागू करने तथा मुख्य सड़कों और सर्विस रोड से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया।

इसके साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकीय दल को 24 घंटे अलर्ट मोड में रखने तथा एंबुलेंस एवं अग्निशमन वाहनों को तैयार रखने को कहा गया।
वहीं, पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगियारी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के संवेदनशील छठ घाटों का निरीक्षण करने तथा वहां सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक के अंत में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगियारी ने जिलेवासियों को दीपावली एवं छठ महापर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा चिह्नित सुरक्षित छठ घाटों पर ही पूजा-अर्चना करने तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की, ताकि दोनों पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।

