गम्हरिया । आगामी त्योहारों के मद्देनजर आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने गम्हरिया बाजार क्षेत्र में मिठाई और आइसक्रीम प्रतिष्ठानों का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, संभावित मिलावट और प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की स्थिति की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान रसगुल्ला, काजू कतली और पनीर का मौके पर त्वरित परीक्षण किया गया, जिसके परिणाम संतोषजनक पाए गए। श्री राम स्वीट्स में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक मिली। हालांकि, प्रतिष्ठान के कर्मचारियों की मेडिकल जांच रिपोर्ट अद्यतन नहीं पाई गई। इस पर संचालक को सात दिनों के भीतर कर्मचारियों के अद्यतन मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र प्राप्त करने का निर्देश दिया गया।

वहीं, एक आइसक्रीम प्रतिष्ठान में एक्सपायरी वैनिला सिरप मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने उसे मौके पर ही नष्ट करा दिया। संबंधित कारोबारी को भविष्य में एक्सपायरी खाद्य सामग्री का उपयोग या बिक्री नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई। इसके अलावा, खाद्य पदार्थ तैयार करने वाले कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र बनवाने और प्रतिष्ठान में उपयोग किए जाने वाले पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जल परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त करने की सलाह दी गई।

अभियान के दौरान खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री में निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया। खाद्य सामग्री को ढककर रखने, उसे धूल और कीटाणुओं से सुरक्षित रखने तथा खाद्य पदार्थों को ढकने या परोसने के लिए अखबार का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी गई।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पालन करने को कहा। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त के निर्देशानुसार आगामी त्योहारों के दौरान जिले में विशेष निरीक्षण अभियान जारी रहेगा। इसका उद्देश्य मिलावटी, असुरक्षित और एक्सपायरी खाद्य सामग्री के उपयोग एवं बिक्री पर रोक लगाना तथा आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।

