चाईबासा | पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त एवं जिला दण्डाधिकारी श्री मनीष कुमार ने शनिवार को जिला समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में सफलता प्राप्त करने वाले चक्रधरपुर निवासी चंदा चरण गिरी को सम्मानित किया।

चंदा चरण गिरी ने नीट परीक्षा में अखिल भारतीय रैंक (AIR) 23,946 हासिल कर पश्चिमी सिंहभूम जिले का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि पर उपायुक्त ने उन्हें शॉल, पौधा, डायरी और पेन भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं और बधाई दी।

इस अवसर पर उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने कहा कि चंदा चरण गिरी की सफलता जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से पूरे समर्पण के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखने और अपने सपनों को साकार करने के लिए लगातार प्रयासरत रहने का आह्वान किया।

सम्मान समारोह के दौरान उपायुक्त ने चंदा चरण गिरी से उनकी परीक्षा की तैयारी, अध्ययन पद्धति तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि चंदा चरण गिरी चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देकर समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।


