चक्रधरपुर | आगामी 16 जुलाई से प्रारंभ होने वाले महाप्रभु श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर मंगलवार शाम चक्रधरपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने की। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पूजा समिति के सदस्यों तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर आयोजन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक के दौरान बताया गया कि थाना क्षेत्र के पुरानीबस्ती, देवगांव, केरा, कुसुमकुंज एवं पंचमोड़ में रथयात्रा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इनमें पुरानीबस्ती की ऐतिहासिक रथयात्रा विशेष महत्व रखती है, जहां प्रतिवर्ष हजारों श्रद्धालु भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा के दर्शन और रथ खींचने के लिए पहुंचते हैं।

प्रशासन की ओर से जानकारी दी गई कि पुरानीबस्ती में 16 एवं 17 जुलाई को रथयात्रा तथा 24 एवं 25 जुलाई को घुरती (बाहुड़ा) रथयात्रा का आयोजन होगा। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। इसके तहत पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती की जाएगी, ताकि पूरे आयोजन के दौरान विधि-व्यवस्था बनी रहे।

बैठक में आयोजन समिति के सदस्यों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, विद्युत आपूर्ति, पेयजल एवं साफ-सफाई जैसी आवश्यक सुविधाओं को लेकर अपने सुझाव रखे। प्रशासन ने सभी सुझावों पर सकारात्मक पहल करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने कहा कि रथयात्रा महोत्सव को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन और आम जनता की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी लोगों से प्रशासन का सहयोग करने, सामाजिक सद्भाव बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने की अपील की।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था भंग करने या अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

