चक्रधरपुर | भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 कार्यक्रम के तहत मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी, पोड़ाहाट सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 56-चक्रधरपुर (अनुसूचित जनजाति) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र ने चक्रधरपुर प्रखंड एवं शहरी क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्र संख्या 162 (प्राथमिक विद्यालय, चन्द्री), 163 (उत्क्रमित मध्य विद्यालय, पदमपुर), 219 (कार्मेल मध्य विद्यालय, चक्रधरपुर-पूर्वी भाग) तथा 229 एवं 230 (रेलवे मिश्रित उच्च विद्यालय, चक्रधरपुर-पूर्वी एवं पश्चिमी भाग) का भ्रमण किया।

इस दौरान उन्होंने बूथ स्तर पर चल रहे पुनरीक्षण कार्य का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के क्रम में एसडीओ ने बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों तथा वितरित गणना प्रपत्र (Enumeration Forms) के संग्रहण एवं सत्यापन की समीक्षा की।

उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देश दिया कि घर-घर सर्वेक्षण के दौरान प्राप्त गणना प्रपत्रों का समयबद्ध तरीके से संग्रहण सुनिश्चित करें तथा उनका शीघ्र डिजिटाइजेशन कराएं, ताकि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण किया जा सके।

एसडीओ ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं बीएलओ पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने पुनरीक्षण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करने के निर्देश भी दिए।


