धुरीपदा में दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता सम्पन्न, वीर बिरसा बारूबेड़ा लगातार दूसरी बार चैंपियन

राजनगर : बिरसा मुंडा जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर बीएमसी धुरीपदा की ओर से दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सोमवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में वीर बिरसा बारूबेड़ा और ललित स्पोर्टिंग के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। निर्धारित समय और टाईब्रेकर दोनों में कोई परिणाम नहीं निकलने पर विजेता का फैसला टॉस से किया गया, जिसमें वीर बिरसा बारूबेड़ा की टीम विजेता बनी। यह टीम धुरीपदा में लगातार दूसरी बार चैंपियन बनी है।

प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने भाग लिया। रोहित हांसदा को बेस्ट स्कोरर एवं प्रीतम मुर्मू को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। विजेता टीम को सांसद जोबा माझी ने नगद पुरस्कार और खस्सी प्रदान किया।

इस अवसर पर सांसद जोबा माझी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास करता है, बल्कि बेहतर कैरियर का रास्ता भी खोलता है। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन में रहकर गलतियों से सीखते हुए आगे बढ़ने की सलाह दी। कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाली प्रतियोगिताएं नए खिलाड़ियों के लिए नर्सरी की तरह होती हैं, जहां उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी बड़े मंच तक पहुंच सकते हैं।

कार्यक्रम में कांग्रेस नेता कालीपद सोरेन, झामुमो के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष रामजीत हांसदा सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

By maskal.news

You May Also Like