सरायकेला | सरायकेला स्थित सरस्वती शिशु मंदिर उच्च विद्यालय में अखिल भारतीय मंत्री ब्रह्म जी राव तथा जमशेदपुर विभाग सह प्रमुख ब्रेन कुमार टुडू का दो दिवसीय प्रवास संपन्न हुआ। इस दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रेरणात्मक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

प्रवास के दौरान अतिथियों ने विद्यालय के आचार्य, आचार्याओं, संघ प्रतिनिधियों, प्राचार्य एवं उपप्रधानाचार्य के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर शिक्षा, संगठन एवं संस्कारयुक्त वातावरण पर विस्तृत चर्चा की। साथ ही उन्होंने विद्यालय छात्रावास का भी भ्रमण किया तथा छात्रावास में निवासरत भैया-बहनों एवं आचार्यगण से संवाद स्थापित कर उनका मार्गदर्शन किया।

15 मई को आयोजित विद्यालय की प्रातः वंदना सभा में अतिथियों की विशेष उपस्थिति रही। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति समर्पण, अनुशासन एवं संस्कारयुक्त जीवन के महत्व से अवगत कराया। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में उन्होंने झारखंड के अनेक वीर क्रांतिकारियों एवं राष्ट्रनायकों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों में राष्ट्रभाव जागृत करने का संदेश दिया।

विद्यालय के प्राचार्य पार्थ सारथी आचार्य ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं आचार्य-दीदीजी के समक्ष अतिथियों का औपचारिक परिचय कराया। उन्होंने अतिथियों के प्रेरणादायी व्यक्तित्व एवं उनके सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों पर भी प्रकाश डाला।
विद्यालय परिवार ने अतिथियों के इस प्रवास को अत्यंत प्रेरणास्पद, गौरवपूर्ण एवं स्मरणीय बताया। उनके मार्गदर्शन से विद्यार्थियों, आचार्यगण एवं विद्यालय परिवार में राष्ट्रसेवा तथा संस्कारयुक्त शिक्षा के प्रति नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार हुआ।

