#सरायकेला #बैंककर्मी #आत्महत्या #शोक #maskalnews

सरायकेला में बैंक कर्मी की आत्महत्या से क्षेत्र में शोक, सुसाइड नोट में टार्गेट प्रेशर का जिक्र

सरायकेला में बैंक कर्मी की आत्महत्या से क्षेत्र में शोक, सुसाइड नोट में टार्गेट प्रेशर का जिक्र

सरायकेला : सरायकेला थाना क्षेत्र के छोटा टांगरानी निवासी एवं आईडीबीआई बैंक, सरायकेला शाखा में आउटसोर्स कर्मी के रूप में कार्यरत लगभग 42 वर्षीय आलोक पड़ीहारी ने शुक्रवार को अपने घर में आत्महत्या कर ली। इस घटना से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के अनुसार, आलोक पड़ीहारी बीते कई वर्षों से आईडीबीआई बैंक, सरायकेला शाखा में कार्यरत थे। भले ही बैंक उन्हें स्थायी कर्मी नहीं मानता था, लेकिन वे खाता खुलवाने सहित बैंक ग्राहकों को विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते थे और बैंक व खाताधारकों के बीच सेतु का कार्य करते थे।
परिजनों ने बताया कि शुक्रवार सुबह भी आलोक अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौटे थे और बैंक जाने की तैयारी कर रहे थे, इसी दौरान उन्होंने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों को एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें आलोक ने बैंक द्वारा टार्गेट के नाम पर मानसिक प्रताड़ना दिए जाने की बात लिखी है। हालांकि, परिवार के किसी सदस्य से उन्होंने इस मानसिक दबाव की जानकारी पहले कभी साझा नहीं की थी।
घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।