सरायकेला-खरसावाँ : राजनगर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक संगठित चोर गिरोह ‘कालू सरदार गैंग’ का उद्भेदन करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन विधि विरुद्ध किशोरों को निरुद्ध किया गया है।
जानकारी के अनुसार, राजनगर थाना कांड संख्या 111/2025 दिनांक 25 दिसंबर 2025 को बांकसाई स्थित एक मोबाइल रिपेयरिंग दुकान एवं मेडिकल दुकान से नकद रुपये, मोबाइल, ब्लूटूथ, हेडफोन सहित अन्य सामानों की चोरी की घटना दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावाँ के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सरायकेला के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान एवं छापामारी दल का गठन किया गया।
अनुसंधान के दौरान तकनीकी साक्ष्यों एवं ठोस तथ्यों के आधार पर पुलिस ने सुजित कुमार शर्मा उर्फ पुरी उर्फ कालू सरदार (34 वर्ष) तथा सागर मुंडा (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ‘कालू सरदार गैंग’ के नाम से गिरोह बनाकर पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावाँ, पश्चिम सिंहभूम एवं पड़ोसी राज्य ओडिशा के मयूरभंज जिले में ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर इस कांड सहित अन्य मामलों में चोरी किया गया सामान बरामद किया है। अब तक राजनगर, चक्रधरपुर एवं मुफ्फसिल थाना क्षेत्रों के कुल पांच मामलों का उद्भेदन किया जा चुका है, जबकि अन्य जिलों से जुड़े मामलों की भी जांच की जा रही है।
बरामद सामानों में दो मोबाइल फोन, 3000 रुपये नकद, चांदी के दो पायल, ताला काटने का लोहे का कटर, एक मोटरसाइकिल (JH05DV-5205) सहित अन्य औजार शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी सुजित कुमार शर्मा के विरुद्ध पूर्व में 33 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें आरोप पत्र न्यायालय में समर्पित किए जा चुके हैं।
इस सफल कार्रवाई में राजनगर थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा, अनुसंधानकर्ता नंदजी राम गोंड सहित पुलिस बल एवं तकनीकी शाखा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
31
Jan

