चाईबासा: खरसावां मोड़ के पास बीती रात एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को सुरक्षित रेस्क्यू कर जिला प्रशासन की मदद से उसके परिवार से मिलाया गया। युवक की उम्र करीब 23 वर्ष बताई जा रही है और वह छत्तीसगढ़ राज्य का निवासी है।
जानकारी के अनुसार, एकजुट संस्था के कार्यकर्ता विनीत जी खूंटपानी CHC से घर लौट रहे थे, इसी दौरान उन्होंने युवक को अकेली और असहाय स्थिति में देखा। पूछताछ में सामने आया कि मानसिक स्वास्थ्य समस्या के कारण वह लगभग चार महीने पहले घर से भटक गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। चाईबासा के जिला उपायुक्त के सहयोग से त्वरित कार्रवाई करते हुए खूंटपानी के अंचलाधिकारी रात में ही मौके पर पहुंचे और आवश्यक व्यवस्था कराई।
युवक को जोड़ा तालाब स्थित आश्रय गृह में सुरक्षित रखा गया, जहां उसे भोजन, देखभाल और सुरक्षा उपलब्ध कराई गई। गुरुवार सुबह युवक के परिजन चाईबासा पहुंचे और सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद युवक को सुरक्षित अपने साथ घर ले गए।
प्रशासन की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई से एक बिछड़ा परिवार पुनः एकजुट हो सका। मानसिक बीमारी को अपराध नहीं, बल्कि स्वास्थ्य समस्या मानते हुए मानवीय दृष्टिकोण से किया गया यह प्रयास सराहनीय है।
17
Jan

