चक्रधरपुर : भरनियां पंचायत में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना दम तोड़ती नजर आ रही है। पंचायत के विभिन्न गांवों और टोलों में जल-नल योजना का कार्य वर्षों से अधूरा पड़ा है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। रविवार को डुकरी पताडीह में आयोजित एक आम सभा में ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर आंदोलन का ऐलान किया।
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता विजय सिंह सामाड ने कहा कि पंचायत के डुकरी, पताडीह, बांधासाई, गुंजा, साईतोपा, दुड़ियाम और डांगोडीह गांवों में स्थिति बेहद खराब है। कई स्थानों पर पाइपलाइन बिछाकर छोड़ दी गई है, जबकि कई टोलों में अब तक बोरिंग का काम भी शुरू नहीं हुआ है। सरकारी कागजों में योजना संचालित दिख रही है, लेकिन हकीकत में लोग पीने के पानी के लिए परेशान हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर सड़क से लेकर विभागीय कार्यालय तक संघर्ष करने को तैयार हैं। हालांकि विजय सिंह सामाड ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि आंदोलन कानून के दायरे में रहकर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले सभी ग्रामीणों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन संबंधित विभाग के उच्च अधिकारियों को सौंपे जाएंगे। यदि इसके बाद भी कार्य शुरू नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक हर घर में पेयजल की सुविधा नहीं मिलेगी, आंदोलन जारी रहेगा।
इस आम सभा में राजेंद्र सामाड, मंगल सिंह बोदरा, रामसिंह सामाड, ब्रिज मोहन महतो, बासुदेव मुखी, नवीन सामाड, रामजीवन लोहरा, सुखराम लोहरा, हरिचरण सामाड, बेरगा सामाड, बेरगा बोदरा, सोमा गुंदुवा, दिलीप सामाड, जगाया बोदरा, रामराई बोदरा सहित सैकड़ों महिला-पुरुष उपस्थित थे।
04
Jan

