चाईबासा | जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा को लेकर सभी निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों (ERO) एवं सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों (AERO) के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन मतदाताओं ने अब तक अपना गणना प्रपत्र (Enumeration Form) संबंधित बीएलओ (BLO) के पास जमा नहीं कराया है, वे 25 जुलाई तक अनिवार्य रूप से अपना प्रपत्र जमा कर दें, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जा सके। उन्होंने आम मतदाताओं से भी इस अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने ASDD (Absentee, Shifted, Dead and Duplicate) से संबंधित मामलों का पुनः सत्यापन कर निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचक नामावली को पूर्णतः शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रत्येक मामले का सावधानीपूर्वक सत्यापन किया जाए।

उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को अगले दिन तक शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य पूरा करने का निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बैठक में उन्होंने सभी निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों एवं सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण करें, कार्यों की दैनिक समीक्षा करें तथा लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान समयबद्ध, पारदर्शी और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

