सरायकेला | सरायकेला स्थित सरस्वती शिशु मंदिर उच्च विद्यालय में चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर नव वर्ष हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के भैया-बहनों एवं आचार्य दीदी द्वारा प्रभात फेरी निकालकर नगर भ्रमण किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य पार्थ सारथी आचार्य ने सभी को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन सनातन परंपरा में अत्यंत पवित्र और महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि इसी दिन भगवान श्रीराम, सम्राट विक्रमादित्य तथा महाराज युधिष्ठिर के राज्याभिषेक जैसे ऐतिहासिक प्रसंग जुड़े हैं। साथ ही, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार और भगवान झूलेलाल का जन्म दिवस भी इसी दिन मनाया जाता है।

कार्यक्रम में उप-प्रधानाचार्य तुषार कांत पति सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाई।

