सरायकेला | भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत सरायकेला-खरसावां जिले में 5 अगस्त से नव मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कर उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना है।

निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश के नेतृत्व में राजनगर प्रखंड सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं, सरायकेला क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों एवं पात्र युवाओं को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, निर्वाचन प्रक्रिया में मतदाता की भूमिका तथा मतदान के महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके अथवा निर्धारित अर्हता तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की गई।

इसी क्रम में जिला उप निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी पारुल सिंह के नेतृत्व में आदित्यपुर, गम्हरिया एवं सरायकेला क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के उद्देश्य, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया, मतदान के महत्व तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।

इसके अतिरिक्त सहायता कक्ष प्रबंधक की ओर से जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, प्रशिक्षण संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा अन्य ऐसे स्थानों पर, जहां युवाओं की अधिक भागीदारी रहती है, चुनावी पाठशाला, मतदाता जागरूकता संवाद, शपथ ग्रहण, प्रश्नोत्तरी, निबंध लेखन, चित्रांकन एवं अन्य जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

अभी संपर्क करें :- +91 8936090601
इन कार्यक्रमों के दौरान पात्र युवाओं को निर्वाचन संपर्क अनुप्रयोग (ईसीआईएनईटी) डाउनलोड कर प्रपत्र-6, प्रपत्र-7 एवं प्रपत्र-8 के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी जा रही है। साथ ही मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, प्रविष्टियों में संशोधन कराने, परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम एक ही मतदान केंद्र पर दर्ज कराने तथा निर्वाचन संबंधी अन्य सेवाओं के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने जिले के सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के दौरान अपना नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से दर्ज कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक पात्र नागरिक की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। इसलिए सभी पात्र युवा समय पर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराकर एक जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाता के रूप में लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।l

