चाईबासा | पश्चिमी सिंहभूम के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने उप निर्वाचन पदाधिकारी बंधन लॉन्ग एवं विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सदर अनुमंडल कार्यालय परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस का तृतीय त्रैमासिक निरीक्षण किया।

निर्धारित अवधि के तहत किए जाने वाले निरीक्षण के दौरान ईवीएम वेयरहाउस की समग्र व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया तथा इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की सुरक्षा एवं रखरखाव से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने वेयरहाउस में रखी ईवीएम से संबंधित निर्धारित सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। इस दौरान उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी निरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने तथा राजनीतिक दलों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप ईवीएम वेयरहाउस का नियमित निरीक्षण किया जाता है।

मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण पर हुई चर्चा
ईवीएम वेयरहाउस के निरीक्षण के उपरांत जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाताओं को जारी किए गए नोटिस, नोटिस के आलोक में प्रस्तुत किए जा रहे दस्तावेजों तथा सुनवाई की प्रक्रिया सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मनीष कुमार ने प्रतिनिधियों को बताया कि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उनके मामलों में नियमानुसार दस्तावेजों की जांच एवं सुनवाई की प्रक्रिया संपादित की जा रही है।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में सभी संबंधित पक्षों का सहयोग महत्वपूर्ण है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके और कोई भी योग्य मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
पात्र नागरिकों को प्रपत्र-6 भरने के लिए करें प्रेरित
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने स्तर से आम नागरिकों एवं पात्र मतदाताओं के बीच मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, उन्हें निर्धारित प्रपत्र-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जाए।

उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों के माध्यम से मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र एवं छूटे हुए मतदाताओं को समय पर आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित करने का आग्रह किया। इससे मतदाता सूची को अधिक समावेशी एवं अद्यतन बनाने के कार्य में तेजी आएगी।
मनीष कुमार ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। इस दिशा में प्रशासन द्वारा निर्धारित निर्वाचन प्रक्रियाओं के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और इसमें राजनीतिक दलों एवं आम नागरिकों का सहयोग भी अपेक्षित है।

बैठक में कांग्रेस पार्टी की ओर से त्रिशानु राय, भारतीय जनता पार्टी की ओर से रंजन प्रसाद, बहुजन समाज पार्टी की ओर से जेम्स हेम्ब्रम, झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से कैसर परवेज तथा आजसू पार्टी की ओर से चन्द्र मोहन सिंकु उपस्थित रहे।

