चाईबासा | पश्चिमी सिंहभूम जिले के सुदूरवर्ती एवं दुर्गम गुदड़ी प्रखंड की गुलीकेरा पंचायत स्थित बेड़ाकायम गांव में शुक्रवार को मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगत माझी और उपायुक्त मनीष कुमार ने जनकल्याणकारी योजनाओं के धरातलीय क्रियान्वयन का जायजा लिया। इस दौरान दोनों ने करीब तीन किलोमीटर पैदल यात्रा कर गांव का भ्रमण किया और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं तथा विकास संबंधी अपेक्षाओं की जानकारी ली।

भ्रमण के दौरान विधायक और उपायुक्त गांव निवासी लाभुक मेघनाथ गंझु के नवनिर्मित अबुआ आवास पहुंचे और उनके गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने परिवार को नए आवास के लिए शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि एवं बेहतर जीवन की कामना की। गृह प्रवेश के अवसर पर लाभुक परिवार को उपहार स्वरूप एक प्रेशर कुकर भी भेंट किया गया। साथ ही परिवार के सदस्यों से बातचीत कर अबुआ आवास योजना से मिले लाभ की जानकारी ली गई।

इस अवसर पर विधायक जगत माझी ने कहा कि राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि अबुआ आवास योजना ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सम्मानजनक और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने लाभुक परिवार को नए घर के लिए शुभकामनाएं देते हुए योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन की सराहना की।

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले पात्र लाभुकों तक सरकार की सभी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचे। उन्होंने कहा कि बेड़ाकायम जैसे सुदूरवर्ती गांवों तक पहुंचकर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करना और लाभुकों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित करना प्रशासन की कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र के सभी पात्र परिवारों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित किया जाए तथा विकास कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया। प्रशासन ने कहा कि जिले के अंतिम छोर पर बसे नागरिकों तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए इस प्रकार के क्षेत्रीय भ्रमण आगे भी जारी रहेंगे।

