सरायकेला | उपायुक्त सरायकेला-खरसावाँ नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता एवं खरसावाँ विधायक दशरथ गागराई की उपस्थिति में सरायकेला छऊ कला केंद्र के समग्र विकास, संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश, जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार सहित कोर कमेटी एवं स्टीयरिंग कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान छऊ कला केंद्र की आधारभूत संरचना, उपलब्ध सुविधाओं एवं इंफ्रास्ट्रक्चर गैप, मानव संसाधन, नियुक्ति, प्रशिक्षण व्यवस्था तथा केंद्र के प्रभावी संचालन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही कोर कमेटी एवं स्टीयरिंग कमेटी की संरचना और सदस्यों की संख्या को लेकर भी उपस्थित सदस्यों से सुझाव लिए गए।

उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों एवं समिति के सदस्यों को आपसी समन्वय के साथ अनुमंडल स्तर पर बैठक आयोजित कर सभी आवश्यक बिंदुओं पर विचार-विमर्श करते हुए सर्वसम्मति से प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। इसके बाद प्रस्ताव को जिला स्तर पर समेकित कर नियमानुसार संस्कृति, कला एवं खेल विभाग, झारखंड सरकार को भेजने का निर्णय लिया गया।

उपायुक्त ने कहा कि सरायकेला छऊ, खरसावाँ छऊ एवं मानभूम छऊ की समृद्ध कला परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने नई पीढ़ी को छऊ कला से जोड़ने, प्रशिक्षण के अवसरों का विस्तार करने तथा स्थानीय कलाकारों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

वहीं विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि सरायकेला-खरसावाँ क्षेत्र अपनी समृद्ध छऊ कला एवं सांस्कृतिक विरासत के लिए विशेष पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि छऊ कला केंद्र को केवल एक प्रशिक्षण केंद्र तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे छऊ कला एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन और नई पीढ़ी को इस परंपरा से जोड़ने वाले एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित किया जाना चाहिए।


