जगन्नाथपुर (पश्चिमी सिंहभूम) | पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तोड़ागहातु गांव के कीड़ासाई टोला में पारिवारिक विवाद ने सोमवार को खूनी रूप ले लिया। दूसरी पत्नी को घर लाने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने अपनी पहली पत्नी की कथित रूप से हत्या कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी कानुराम दिग्गी का अपनी पहली पत्नी शुरु कुई के साथ दूसरी पत्नी को घर में रखने को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गमछे से पत्नी का मुंह दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही जगन्नाथपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया है।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घरेलू हिंसा और पारिवारिक विवादों को कानूनी एवं सामाजिक स्तर पर सुलझाने का प्रयास करें। किसी भी प्रकार की प्रताड़ना या हिंसा की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।


