सरायकेला | आगामी 11 से 13 अप्रैल 2026 तक बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में आयोजित होने वाले राजकीय चैत्र पर्व-सह-छऊ महोत्सव-2026 की तैयारियों का उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने स्थलीय निरीक्षण कर किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को यातायात संचालन, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल और शौचालय सुविधाओं के साथ-साथ अग्निशमन और चिकित्सा दल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

महोत्सव के दौरान विकास मेला भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे और सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही जिले के प्रसिद्ध फूड आइटम्स और स्थानीय स्तर पर निर्मित वस्तुओं की पहचान और बिक्री के लिए स्टॉल लगाए जाएंगे।

इस साल के छऊ महोत्सव में स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ विभिन्न राज्यों के कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध गायिका सोना महापात्रा और इंडियन आइडल के कलाकार प्रियंगशु दत्ता की प्रस्तुति होगी।
उपायुक्त ने जिलेवासियों और कला प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाएं और इस सांस्कृतिक महोत्सव का आनंद लें।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, स्थानीय थाना प्रभारी, आयोजन समिति के सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

