चक्रधरपुर | शहर की चर्चित चायना गली को जल्द अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। नगर परिषद ने बाजार आने वाले लोगों, दुकानदारों और विशेष रूप से महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां छोटे-छोटे सार्वजनिक बाथरूम बनाने का निर्णय लिया है।

चायना गली शहर का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र माना जाता है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग बाजार और हाट के लिए पहुंचते हैं। लंबे समय से यहां शौचालय और बाथरूम की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों और व्यापारियों द्वारा लगातार इस सुविधा की मांग उठाई जा रही थी।
नगर परिषद के उपाध्यक्ष सह वार्ड संख्या-7 के पार्षद विजय कुमार साव ने बताया कि चायना गली से अतिक्रमण हटाकर खाली होने वाली जगह पर जनसुविधाओं का विकास किया जाएगा। इसी योजना के तहत यहां छोटे-छोटे सार्वजनिक बाथरूम बनाए जाएंगे, ताकि बाजार आने वाले लोगों को राहत मिल सके।

उन्होंने कहा कि नगर परिषद शहर में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। आने वाले दिनों में बाजार क्षेत्र में अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

नगर परिषद की इस पहल का स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने स्वागत किया है। व्यापारियों का कहना है कि सार्वजनिक बाथरूम बनने से ग्राहकों को सुविधा मिलेगी और बाजार का माहौल भी बेहतर होगा। लोगों ने उम्मीद जताई कि अतिक्रमण हटाने और निर्माण कार्य की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, वर्तमान में चायना गली के कुछ हिस्सों में अतिक्रमण होने के कारण आम लोगों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी होती है। अतिक्रमण हटने के बाद यहां यातायात व्यवस्था और स्वच्छता में भी सुधार देखने को मिलेगा।

