गम्हरिया | विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती पारुल सिंह ने शनिवार को गम्हरिया प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय परिसर स्थित प्रखंड स्तरीय नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं अंकीयकरण कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र हर हाल में पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी प्रपत्र निर्धारित अवधि के भीतर एकत्रित कर उनका अंकीयकरण समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने आंकड़ों की शुद्धता, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण तथा लंबित कार्यों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के उपरांत जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी ने गम्हरिया क्षेत्र के निवासी कल्याण संघ के सदस्यों के साथ जागरूकता बैठक भी की। बैठक में सदस्यों को गणना प्रपत्र वितरित किए गए तथा प्रपत्र भरने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और निर्धारित समय-सीमा की विस्तार से जानकारी दी गई।

उन्होंने निवासी कल्याण संघ के सदस्यों से अपने परिवार और आसपास के सभी पात्र मतदाताओं को गणना प्रपत्र सही एवं पूर्ण रूप से भरकर आवश्यक दस्तावेजों सहित संबंधित मतदान केंद्र स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) को निर्धारित अवधि के भीतर जमा कराने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका है।

इस अवसर पर सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, मतदान केंद्र स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) पर्यवेक्षक, अन्य संबंधित पदाधिकारी तथा निवासी कल्याण संघ के सदस्य उपस्थित रहे।


