सरायकेला-खरसावां | भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत नगर निगम आदित्यपुर, गम्हरिया तथा नगर परिषद कपाली के शहरी क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों का उद्देश्य घर-घर सर्वेक्षण के दौरान किसी कारणवश गणना प्रपत्र प्राप्त करने अथवा भरे हुए प्रपत्र जमा करने से वंचित रह गए पात्र मतदाताओं को प्रपत्र उपलब्ध कराना, भरे हुए प्रपत्र प्राप्त करना, उनका डिजिटलीकरण करना तथा पुनरीक्षण अभियान से संबंधित अन्य आवश्यक कार्यों का निष्पादन करना था। साथ ही अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची का सत्यापन एवं अद्यतन भी किया गया।

इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितेश कुमार सिंह ने नगर परिषद कपाली क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित विशेष शिविरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण, डिजिटलीकरण की प्रगति, अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची के सत्यापन तथा अभिलेखों के संधारण की समीक्षा की। उन्होंने शिविर में उपस्थित मतदाताओं से संवाद कर गणना प्रपत्र भरने और जमा करने की प्रक्रिया की जानकारी भी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, बीएलओ तथा बीएलओ पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। उन्होंने घर-घर सत्यापन कार्य पूरी गंभीरता से करने, अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची का त्रुटिरहित संधारण सुनिश्चित करने तथा गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत संग्रहण एवं समयबद्ध डिजिटलीकरण करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त नितेश कुमार सिंह ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान की सफलता सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कर्मियों से पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि अभियान का उद्देश्य जिले की मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।


