चाईबासा | भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने बुधवार को 52-चाईबासा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के अद्यतन, गणना प्रपत्रों के संकलन एवं सत्यापन, पात्र मतदाताओं के नामांकन तथा बूथ स्तर पर संचालित विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों एवं बूथ लेवल ऑफिसरों (बीएलओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पूर्णतः त्रुटिरहित, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाना है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना तथा किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज नहीं होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अभियान को पूरी गंभीरता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न कराने का निर्देश दिया।

Contact no :- +91 8553588326
उपायुक्त ने बीएलओ एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि एक ही परिवार के सभी पात्र मतदाताओं के नाम यथासंभव एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज किए जाएं।

इसके अलावा प्राप्त गणना प्रपत्रों का समयबद्ध सत्यापन, ए.एस.डी.डी. (ASDD) सूची को अंतिम रूप देकर उसका निर्धारित समय-सीमा के भीतर डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने तथा विदेशी नागरिकों से संबंधित प्राप्त सूचनाओं एवं दस्तावेजों का विधिवत परीक्षण कर उन्हें संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन सभी प्रक्रियाओं का उद्देश्य मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना है।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने आयोजित बीएलओ-बीएलए-2 की तृतीय बैठक एवं चुनाव पाठशाला का भी अवलोकन किया। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी बूथ लेवल ऑफिसरों (बीएलओ), बूथ लेवल एजेंट-2 (बीएलए-2) तथा संबंधित अधिकारियों से अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने और मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 से जुड़े सभी कार्यों का गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


