सरायकेला-खरसावां में नशामुक्ति जागरूकता अभियान आयोजित

सरायकेला : नालसा, नई दिल्ली एवं झालसा, रांची के दिशा-निर्देशों के अनुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डीएलएसए सरायकेला-खरसावां रमाशंकर सिंह के मार्गदर्शन और डीएलएसए सचिव (प्रभारी) अनामिका किस्कु के पर्यवेक्षण में बुधवार को जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया।

यह अभियान नालसा की महत्वाकांक्षी डान (Drug Awareness and Wellness Navigation) योजना, 2025 के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य भारत को नशामुक्त बनाना है।

अभियान के दौरान पैरालीगल वॉलंटियर्स ने झुग्गी-झोपड़ियों और ग्रामीण इलाकों में घर-घर जाकर लोगों से संवाद किया तथा नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। युवाओं और माता-पिता के साथ बैठकों का आयोजन कर नशे से दूर रहने, बच्चों पर निगरानी रखने और आपसी संवाद बढ़ाने पर जोर दिया गया। विशेषज्ञों द्वारा नशे की लत से बचाव के उपाय बताए गए और जरूरतमंदों को परामर्श उपलब्ध कराया गया।

इसके साथ ही नशे से पीड़ित व्यक्तियों के लिए उपलब्ध पुनर्वास केंद्रों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अभियान को प्रभावी बनाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा बहुओं की सक्रिय भागीदारी रही। लोगों की सहायता के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबर भी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किए गए।

अभियान के तहत ग्राम सभाओं, मोहल्ला बैठकों और सामुदायिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, किशोर और युवा शामिल हुए। सभी ने नशे के खिलाफ संकल्प लिया और समाज को स्वस्थ व सुरक्षित बनाने की प्रतिबद्धता जताई।

By maskal.news

You May Also Like