नई दिल्ली | भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्यसभा और कर्नाटक विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव-2026 के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने मध्य प्रदेश और कर्नाटक से राज्यसभा चुनाव के लिए दो तथा कर्नाटक विधान परिषद चुनाव के लिए दो उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दी है।

भाजपा द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश से महेश केवट और कर्नाटक से प्रो. डॉ. एम. नागराजन को राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, कर्नाटक विधान परिषद चुनाव के लिए लिंगराज पाटील और रघु कौटिल्य को पार्टी उम्मीदवार घोषित किया गया है। उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक घोषणा भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने की।

मध्य प्रदेश में दिलचस्प मुकाबले के आसार
मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए चुनाव होना है। कांग्रेस ने यहां से मीनाक्षी नटराजन को भाजपा के महेश केवट के खिलाफ उम्मीदवार बनाया है।

राज्य की 230 सदस्यीय विधानसभा में वर्तमान में प्रभावी मतों की संख्या 228 है। भाजपा के पास 164 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के पास 64 विधायक थे। हालांकि, कांग्रेस की प्रभावी संख्या घटकर 62 के आसपास रह गई है। इसकी वजह विधायक मुकेश मल्होत्रा के मतदान पर लगी रोक और बीना विधायक निर्मला सप्रे के मतदान को लेकर बनी अनिश्चितता है। राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि निर्मला सप्रे का झुकाव भाजपा की ओर है।

राज्यसभा चुनाव में मध्य प्रदेश से एक उम्मीदवार की जीत के लिए 58 वोटों की आवश्यकता है। ऐसे में भाजपा के दो उम्मीदवारों की जीत लगभग तय मानी जा रही है। वहीं, तीसरी सीट के लिए कांग्रेस के पास पर्याप्त समर्थन है, लेकिन भाजपा द्वारा तीसरा उम्मीदवार मैदान में उतारे जाने से मुकाबला रोचक हो गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ऐसी परिस्थितियों में क्रॉस वोटिंग की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

18 जून को होंगे चुनाव
राज्यसभा की 24 सीटों के लिए 18 जून 2026 को मतदान कराया जाएगा। ये सीटें अरुणाचल प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान, मणिपुर और कर्नाटक समेत 10 राज्यों में रिक्त हो रही हैं। इसी दिन कर्नाटक विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव के लिए भी मतदान होगा।
राजनीतिक दलों ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं और अब सभी की नजरें 18 जून को होने वाले मतदान और उसके परिणामों पर टिकी हैं।

