चाईबासा | पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी स्थित अडानी एसीसी सीमेंट प्लांट से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर बुधवार को ‘एसीसी बचाओ संघर्ष समिति’ के प्रतिनिधिमंडल ने जिले के उपायुक्त मनीष कुमार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व समिति के संयोजक रमेश बालमुचू ने किया।

मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्लांट के कर्मचारियों, स्थानीय श्रमिकों तथा भूमि देने वाले रैयतों से जुड़ी समस्याओं और मांगों को उपायुक्त के समक्ष रखा।

समिति ने प्लांट के सुचारू संचालन के साथ-साथ स्थानीय लोगों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

प्रतिनिधिमंडल ने प्लांट के लिए भूमि उपलब्ध कराने वाले रैयतों के मुआवजे एवं रोजगार से संबंधित लंबित मांगों पर चर्चा की। साथ ही, प्लांट में कार्यरत श्रमिकों के रोजगार और उनके भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी गई।

समिति के संयोजक रमेश बालमुचू ने कहा कि झींकपानी स्थित एसीसी प्लांट क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और हजारों परिवारों की आजीविका का प्रमुख आधार है। ऐसे में प्लांट के अस्तित्व की रक्षा तथा स्थानीय लोगों के अधिकारों और हितों की सुरक्षा सरकार एवं प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

उपायुक्त मनीष कुमार ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और सभी पक्षों की समस्याओं पर नियमानुसार विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन मामले की समीक्षा कर आवश्यक एवं उचित कदम उठाएगा तथा श्रमिकों और स्थानीय लोगों के हितों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल की इस मुलाकात के बाद स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि प्रशासन के हस्तक्षेप से झींकपानी स्थित इस महत्वपूर्ण औद्योगिक इकाई तथा इससे जुड़े हजारों परिवारों के हितों के संरक्षण की दिशा में सकारात्मक पहल होगी।


