चक्रधरपुर | अनुमंडल पदाधिकारी-सह-निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 56-चक्रधरपुर ने सोमवार को मारवाड़ी प्लस टू स्कूल, चक्रधरपुर में आयोजित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने युवा एवं भावी मतदाताओं को स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर)-2026 के तहत संचालित मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि झारखंड में मतदाता सूची पुनरीक्षण का गणना (एन्यूमरेशन) चरण 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक चलेगा। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक रहें तथा अपने अभिभावकों और परिवार के अन्य सदस्यों को भी अभियान के प्रति जागरूक करें।

उन्होंने कहा कि निर्धारित गणना प्रपत्र को भरकर, उस पर अपना फोटो एवं हस्ताक्षर लगाने के बाद संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के पास समय पर जमा करना आवश्यक है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गणना चरण के दौरान किसी भी प्रकार के दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं है। केवल निर्धारित गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को सौंपना होगा। उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं के गणना प्रपत्र निर्धारित अवधि में वापस प्राप्त नहीं होंगे, उनके नाम 5 अगस्त 2026 के बाद प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं किए जाएंगे।

कार्यक्रम में यह भी जानकारी दी गई कि जिन मतदाताओं का सत्यापन (मैपिंग) नहीं हो पाएगा, उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा। नोटिस प्राप्त होने के बाद संबंधित मतदाता को निर्धारित 11 वैध दस्तावेजों में से किसी एक के माध्यम से अपना सत्यापन कराना होगा।

अधिकारियों ने बताया कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर)-2026 का उद्देश्य भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 के अनुरूप यह सुनिश्चित करना है कि मतदाता सूची में केवल भारतीय नागरिकों के नाम ही दर्ज हों तथा किसी भी गैर-भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल न रहे।

कार्यक्रम के अंत में अनुमंडल पदाधिकारी-सह-निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने लोगों से सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर प्रसारित हो रही अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र एवं वैध मतदाता का नाम निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन किए बिना मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा।


