सरायकेला | माननीय झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, रांची के निर्देशानुसार शनिवार को सिविल कोर्ट परिसर, सरायकेला तथा अनुमंडलीय न्यायालय, चांडिल में मासिक लोक अदालत का आयोजन किया गया।

यह आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष (प्रभारी), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ।

लोक अदालत का उद्देश्य वादकारियों को सुलभ, त्वरित एवं कम खर्चीली न्याय व्यवस्था उपलब्ध कराना तथा आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर विवादों का निष्पादन करना है। इसके लिए कुल 10 पीठों का गठन किया गया, जिनकी अध्यक्षता न्यायिक पदाधिकारियों ने की। प्रत्येक पीठ में दो-दो पैनल अधिवक्ताओं को सदस्य के रूप में शामिल किया गया।

समाचार लिखे जाने तक प्राप्त अंतरिम आंकड़ों के अनुसार लोक अदालत में कुल 54 मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया, जिससे ₹2,44,250 का राजस्व प्राप्त हुआ।

हालांकि, कुछ पीठों में समाचार लिखे जाने तक कार्यवाही जारी थी, इसलिए अंतिम आंकड़ों में मामलों के निष्पादन और राजस्व प्राप्ति में वृद्धि होने की संभावना है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के अंतिम शनिवार को नियमित रूप से मासिक लोक अदालत का आयोजन किया जाता है। यह व्यवस्था न्यायालयों में लंबित मामलों के बोझ को कम करने के साथ-साथ आपसी सौहार्द, संवाद और समझौते की भावना को भी प्रोत्साहित करती है।


