हटगम्हारिया में मनरेगा लाभुकों के खातों में गड़बड़ी का आरोप, ठेकेदारों पर धोखाधड़ी की आशंका

पश्चिमी सिंहभूम : हटगम्हारिया प्रखंड के कुशमिता पंचायत के कई गांवों में मनरेगा से जुड़े 4–5 ठेकेदारों पर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि ये ठेकेदार किसी एक AESP आईडी (जैसे—एयरटेल पेमेंट बैंक, पोस्ट पेमेंट बैंक, फिनो पेमेंट बैंक आदि) का इस्तेमाल कर जॉब कार्ड धारकों से झूठ बोलकर उनका फिंगरप्रिंट लेते हैं और उनके नाम पर बैंक खाता तथा एटीएम कार्ड बनवा लेते हैं। लाभुकों को न तो खाते की जानकारी दी जाती है और न ही एटीएम कार्ड उपलब्ध कराया जाता है।

मामला तब उजागर हुआ जब मनरेगा की आधिकारिक वेबसाइट पर जांच में यह पाया गया कि कई महिलाओं और बुजुर्गों के खातों में मनरेगा मजदूरी का पैसा जमा हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि जिनके नाम पर ये खाते खुले हुए हैं, उन्हें इसकी जानकारी तक नहीं है। गांव में जब कुछ महिलाओं से इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि उन्हें किसी भी बैंक खाते या भुगतान की जानकारी नहीं दी गई है।
स्थानीय लोगों ने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।

By maskal.news

You May Also Like