चक्रधरपुर | आगामी मुहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में सोमवार को पोड़ाहाट अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ), सहायक पुलिस अधीक्षक-सह-अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) चक्रधरपुर तथा प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी ने विभिन्न मुहर्रम जुलूस मार्गों का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जुलूस मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया।

इस दौरान मार्गों पर मौजूद गड्ढों को शीघ्र भरने एवं आवश्यक मरम्मत कार्य समय पर पूरा कराने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। साथ ही मुहर्रम के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

अधिकारियों ने मुहर्रम कमेटियों एवं अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए जुलूस के दौरान भीड़ नियंत्रण और अनुशासन बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावी निगरानी के लिए प्रत्येक जुलूस के साथ लगातार वीडियोग्राफी कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उच्च न्यायालय एवं राज्य सरकार के निर्देशों के अनुपालन पर बल देते हुए कहा कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों एवं डीजे का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाए तथा ध्वनि स्तर निर्धारित सीमा से अधिक नहीं होना चाहिए।

प्रशासन ने सभी अखाड़ा समितियों, मुहर्रम कमेटियों एवं आम नागरिकों से आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मुहर्रम पर्व मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सभी का सहयोग अपेक्षित है।
मौके पर विद्युत विभाग के पदाधिकारी, नगर परिषद चक्रधरपुर के कर्मी, मुहर्रम कमेटी के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


