चक्रधरपुर स्टेशन का नया भवन जनवरी में खुलेगा, यात्रियों को मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएँ

चक्रधरपुर : चक्रधरपुर वासियों और रेल यात्रियों को नए साल में बड़ी सौगात मिलने वाली है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार चक्रधरपुर स्टेशन के नवनिर्मित भवन का निर्माण कार्य दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। जनवरी में इस नए भवन को औपचारिक रूप से जनता और यात्रियों को समर्पित किया जाएगा।

नए स्टेशन भवन में यात्रियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। दिव्यांगों के लिए फुटओवर ब्रिज पर लिफ्ट की व्यवस्था होगी, जबकि आम यात्रियों के लिए एस्केलेटर लगाए जाएंगे। भवन के अंदर आरक्षण एवं टिकट काउंटर, स्टेशन कार्यालय, पैनल रूम, आरपीएफ कार्यालय, प्रतीक्षालय, भोजनालय और पेयजल की बेहतर सुविधा रहेगी।

स्टेशन के बाहर वाहन पार्किंग की व्यवस्था के साथ झारखंड की संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। नए भवन के घनी आबादी वाले क्षेत्र में होने से यात्रियों को स्टेशन तक पहुँचने में ओवरब्रिज या अंडरब्रिज की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे दूरी भी कम होगी।

पुराने स्टेशन भवन और वीआईपी गेट का भी पुनर्विकास किया जाएगा। इससे सड़क यातायात, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार होगा। नया स्टेशन भवन चक्रधरपुर की छवि को निखारेगा और यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करेगा।

By maskal.news

You May Also Like