सरायकेला-खरसावाँ | जिला पुलिस की महत्वाकांक्षी पहल ‘प्रोजेक्ट मिलाप’ के तहत लापता व्यक्तियों की खोजबीन एवं उनके सुरक्षित पुनर्मिलन का अभियान लगातार सफलता हासिल कर रहा है। इसी क्रम में तिरुलडीह थाना क्षेत्र से लापता हुई एक महिला को पुलिस ने सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तिरुलडीह थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला घरेलू विवाद के बाद बिना किसी को बताए घर से चली गई थीं। महिला के अचानक लापता होने से परिजन चिंतित हो गए और उन्होंने इसकी सूचना तिरुलडीह थाना पुलिस को दी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तिरुलडीह थाना पुलिस ने तत्काल महिला की तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान तकनीकी शाखा की सहायता ली गई तथा वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महिला की लोकेशन मुरी रेलवे स्टेशन के आसपास चिन्हित की गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को सकुशल बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद महिला को थाना लाया गया, जहां आवश्यक सत्यापन एवं कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गईं। इसके बाद उन्हें सुरक्षित रूप से उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

महिला के सकुशल घर लौटने से परिजनों ने राहत की सांस ली और सरायकेला-खरसावाँ पुलिस के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की तत्परता एवं संवेदनशील कार्यशैली की सराहना की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ‘प्रोजेक्ट मिलाप’ के तहत लापता व्यक्तियों की तलाश कर उन्हें उनके परिवारों से मिलाने का अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।


