चक्रधरपुर | रेलवे क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न वार्डों में लंबित विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हुरिया से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने रेलवे भूमि से संबंधित आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की।

मुलाकात के दौरान सन्नी उरांव ने डीआरएम को विभिन्न विकास योजनाओं की सूची सौंपते हुए बताया कि रेलवे क्षेत्र के कई वार्डों में सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था समेत जनहित से जुड़ी अनेक योजनाएं एनओसी के अभाव में लंबित पड़ी हैं।

उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन में देरी से स्थानीय लोगों को आवश्यक सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में जनहित को ध्यान में रखते हुए आवश्यक अनुमति जल्द प्रदान की जाए।

नगर परिषद अध्यक्ष ने दांती-बेगुना सड़क निर्माण कार्य के लिए एनओसी जारी करने संबंधी एक पत्र भी डीआरएम को सौंपा। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण से क्षेत्रवासियों को आवागमन में काफी सुविधा होगी तथा लंबे समय से बनी हुई समस्या का समाधान हो सकेगा।

डीआरएम तरुण हुरिया ने विकास योजनाओं की सूची प्राप्त करते हुए संबंधित मामलों की जांच एवं परीक्षण कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सभी प्रस्तावों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के दौरान रेलवे क्षेत्र के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा स्थानीय नागरिकों की समस्याओं के समाधान को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।


