जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा, पश्चिमी सिंहभूम के तत्वावधान में कैफेटेरिया, चाईबासा में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत जिला महामंत्री प्रताप कटिहार महतो ने मीडिया प्रतिनिधियों के स्वागत से की।
मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने पिछले 11 वर्षों में जनजातीय समाज के उत्थान के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ही वह पार्टी है जिसने देश को पहली बार जनजातीय समाज से राष्ट्रपति दिया, झारखंड को अलग राज्य का दर्जा दिलाया और झारखंड व छत्तीसगढ़ दोनों ही राज्यों में आदिवासी मुख्यमंत्री बनने का गौरव प्रदान किया। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार ने वन अधिकार अधिनियम, पेसा कानून, जनजातीय मंत्रालय के सशक्तिकरण और वनभूमि पट्टा वितरण जैसे निर्णयों से जनजातीय समाज के हितों को मजबूत किया है।
पूर्व विधायक जवाहरलाल बांनरा ने कहा कि भाजपा पूरे देश में जनजातीय समुदाय के विकास और सम्मान के लिए कार्य कर रही है, जबकि झारखंड मुक्ति मोर्चा जैसी पार्टियां आदिवासियों को केवल वोट बैंक के रूप में देखती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि झामुमो सरकार के कार्यकाल में आदिवासियों पर अत्याचार बढ़े हैं, स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हुई हैं और सारंडा को रिजर्व वाइल्डलाइफ सेंचुरी घोषित कर हजारों आदिवासियों के जीवन पर संकट खड़ा किया गया है।
मोर्चा जिला अध्यक्ष तीरथ जमुदा ने बताया कि जनजातीय गौरव दिवस को लेकर 13 और 14 नवंबर को जिले में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं की सफाई, माल्यार्पण एवं दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही पारंपरिक वेशभूषा में शोभायात्रा निकालते हुए भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
कार्यक्रम में अनिल बोदरा, चंद्र मोहन तियू, हरिचरण शांडिल, रवि बंकीरा, पवन शर्मा, राकेश पोद्दार, जगदीश निषाद, कामेश्वर विश्वकर्मा, रोहित दास, बिरजू रजक, पप्पू राय सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

