चक्रधरपुर । भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक षाड़ंगी ने केंद्रीय रेल मंत्री को पत्र लिखकर दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन के 27 मई 2026 को हुए चक्रधरपुर दौरे की जांच कराने की मांग की है।
रेल मंत्री को भेजे गए पत्र में अशोक षाड़ंगी ने कहा है कि दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन का 27 मई को चक्रधरपुर रेल मंडल में आगमन हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि महाप्रबंधक ने जमशेदपुर में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की, लेकिन चक्रधरपुर में न तो किसी समीक्षा बैठक का आयोजन किया और न ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की।

पत्र के अनुसार, महाप्रबंधक शाम करीब 6:48 बजे चक्रधरपुर पहुंचे और रात लगभग 11 बजे कोलकाता के लिए रवाना हो गए। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक समेत रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी उनके साथ मौजूद थे, लेकिन चक्रधरपुर स्टेशन, रेल परियोजनाओं अथवा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे कार्यों का कोई निरीक्षण नहीं किया गया।

अशोक षाड़ंगी ने अपने पत्र में यह भी आरोप लगाया है कि चक्रधरपुर स्टेशन तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों में अनियमितताओं और धन के दुरुपयोग की शिकायतें सामने आई हैं। उनका कहना है कि इन मामलों की जांच महाप्रबंधक के स्तर पर की जा सकती थी, लेकिन दौरे के दौरान इस दिशा में कोई पहल नहीं की गई। साथ ही, स्थानीय समस्याओं और जनहित के मुद्दों पर जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा का अवसर भी नहीं लिया गया।

पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ने रेल मंत्री से मांग की है कि 27 मई को हुए महाप्रबंधक के चक्रधरपुर दौरे के औचित्य की जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि दौरे के दौरान कोई प्रशासनिक, निरीक्षण या जनहित से जुड़ा कार्य नहीं किया गया है, तो ऐसे दौरों पर होने वाले सरकारी खर्च की भी समीक्षा की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में जनता के पैसे की अनावश्यक बर्बादी रोकी जा सके।

