चक्रधरपुर | विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), पश्चिम सिंहभूम, चाईबासा के अध्यक्ष सह जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोहम्मद शाकिर एवं सचिव रवि चौधरी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे 90 दिवसीय आउटरीच अभियान के तहत शनिवार को चक्रधरपुर प्रखंड के वार्ड संख्या-22 स्थित पंप रोड नीचे टोली में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में उपस्थित लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और आर्थिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

वक्ताओं ने बीड़ी, सिगरेट, गुटखा समेत सभी प्रकार के नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशा समाज और व्यक्ति दोनों के विनाश का कारण बनता है। उन्होंने बताया कि तंबाकू के सेवन से कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

कार्यक्रम के दौरान बाल श्रम, बाल विवाह, घरेलू हिंसा, डायन प्रथा, दहेज प्रथा, डॉन योजना तथा बच्चों के लिए संचालित फोस्टर स्पॉन्सरशिप योजना के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही लोगों को नालसा के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में अवगत कराया गया।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद मंजू मिंज, लक्ष्मी लकड़ा, आशा लकड़ा, आंगनबाड़ी सेविका पारुल देवी, जलसहिया सुनीता कुजूर, रिंकी लकड़ा और कृष्णा कुजूर सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे उपस्थित थे। कार्यक्रम के सफल संचालन में अधिकार मित्र राजशेखर एवं श्वेता रवानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

