पोटका | आजादी के 78 वर्षों और झारखंड राज्य गठन के 26 वर्षों बाद पहली बार पोटका विधानसभा के विधायक संजीव सरदार ने सुदूरवर्ती मिठाईझरना गांव में पूरे प्रशासनिक महकमे के साथ बैठक आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याओं को नजदीक से सुन कर और उनके समाधान की दिशा में ठोस पहल की गई।

घने जंगलों के बीच आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में पेयजल विभाग, आवास विभाग, बिजली विभाग, खाद्य आपूर्ति विभाग तथा वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने वर्षों से लंबित अपनी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकारियों ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी “मुख्यमंत्री उज्ज्वल बिजली योजना” के तहत पहली बार इस क्षेत्र में बिजली पहुंचाने के लिए आधारशिला रखी गई। इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ग्रामीणों का मानना है कि बिजली पहुंचने से शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलेगी।

अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि एक महीने के भीतर गांव के सभी ग्रामीणों का आधार कार्ड पंजीकरण, जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र, वन पट्टा वितरण, राशन कार्ड सहित पेयजल और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं से जोड़ने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।

बैठक में यह भी दोहराया गया कि पोटका विधानसभा क्षेत्र का कोई भी गांव विकास की मुख्यधारा से अछूता नहीं रहेगा और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

