बंदगांव | “जनजातीय गरिमा उत्सव 2026” के अंतर्गत सोमवार को बंदगांव पंचायत भवन में “जन भागीदारी अभियान – सबसे दूर, सबसे पहले” कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह विशेष अभियान 18 मई से 25 मई तक संचालित किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करना है।अभियान के तहत विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इनमें ओरिएंटेशन कार्यक्रम, वृक्षारोपण अभियान, ग्राम स्तरीय स्वास्थ्य जांच शिविर, ट्रांजेक्ट वॉक तथा आदि सेवा केंद्रों के माध्यम से जनसुनवाई प्रमुख रूप से शामिल हैं।

जिला प्रशासन की ओर से इस दौरान स्वच्छता जागरूकता अभियान, सिकल सेल एनीमिया जांच, प्रोजेक्ट परख के तहत विद्यालयों में तिथि भोजन कार्यक्रम, राजस्व शिविर, भू-अर्जन मामलों के निष्पादन के लिए विशेष शिविर, पंचायत ज्ञान केंद्र का उद्घाटन तथा पंचायत दिवस जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा प्रोजेक्ट जागृति के अंतर्गत रक्तदान शिविर एवं सखी संवाद कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
अभियान के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विशेष पहल की जाएगी।

इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों को अभियान की रूपरेखा तथा विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने और जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।

कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-अंचल पदाधिकारी बंदगांव, जिला परिषद सदस्य, बंदगांव एवं सावनिया पंचायत के मुखिया, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी (MOIC) बंदगांव, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

