पश्चिमी सिंहभूम | देशभर में जनगणना कार्य की शुरुआत हो चुकी है। इसके प्रथम चरण के तहत 1 मई से 15 मई तक स्व-गणना (Self Enumeration) अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें आम नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है। जिला प्रशासन ने पश्चिमी सिंहभूम जिला वासियों से इस महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कार्य में सहयोग करने का अनुरोध किया है।

जिला प्रशासन द्वारा जारी अपील में कहा गया है कि नागरिक se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी सत्यापन कर स्वयं को इनरोल करें। इसके बाद राज्य, जिला एवं क्षेत्र का चयन करते हुए डिजिटल मैप पर अपने मकान को चिन्हित कर मकान सूचीकरण की प्रक्रिया पूरी करें।

प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद एक SE-ID (Self Enumeration ID) जनरेट होगा, जिसे सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। 15 मई के बाद जब प्रगणक भौतिक सत्यापन के लिए घर-घर पहुंचेंगे, तब नागरिक इस SE-ID को साझा कर सकते हैं। इससे जनगणना प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाने में सहायता मिलेगी।

प्रशासन ने बताया कि जिले के कई लोगों ने पहले ही स्व-गणना का कार्य पूरा कर लिया है। किसी भी प्रकार की तकनीकी या अन्य समस्या होने पर नागरिक टोल फ्री नंबर 1855 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जनगणना से संबंधित वीडियो और फ्लायर्स जिला प्रशासन द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एवं वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराए गए हैं, जहां से लोग अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय और ऐतिहासिक कार्य में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

