सरायकेला-खरसावां | आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सालडीह बस्ती में हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से एक देशी पिस्टल, चार जिंदा गोलियां और एक स्कूटी बरामद की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 6:55 बजे सालडीह बस्ती स्थित स्वपन कुमार दास के घर पर अज्ञात अपराधियों द्वारा फायरिंग की गई थी। इस संबंध में आदित्यपुर थाना कांड संख्या 95/26 दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109/3(5) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला समीर कुमार सवैयाँ के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चन्दन गोराई उर्फ चन्दन बच्चा (20 वर्ष), प्रेम कुमार सिंह उर्फ जानी उर्फ प्रेम बच्चा (20 वर्ष) एवं राजू कुम्हार उर्फ राजू टाकला (24 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी आदित्यपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में रहकर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त थे।
पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों की संलिप्तता 3 अप्रैल 2026 को सालडीह बस्ती में हुई पथराव एवं हथियार लहराने की घटना में भी पाई गई है, जिसमें आदित्यपुर थाना कांड संख्या 89/26 पूर्व से दर्ज है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, विशेषकर राजू कुम्हार के विरुद्ध आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं।
छापामारी दल में आदित्यपुर थाना प्रभारी बिनोद तिर्की सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।

